अजमेर में सैकड़ों करोड़ के विकास कार्य जल्द लेंगे मूर्त रूप:वासुदेव देवनानी

✓ Link copy हो गया!

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने विभिन्न विकास कार्यों का किया भौतिक निरीक्षण

कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता सुनिश्चित करने और निर्धारित समयावधि में पूरा करने के दिए निर्देश

फैक्ट पोस्ट सुनील शर्मा
जयपुर। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सोमवार को अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर चल रहे एवं प्रस्तावित विकास कार्यों का भौतिक निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा निर्धारित समयावधि में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अजमेर में सैकड़ों करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास परियोजनाएं संचालित हैं। इनके पूर्ण होने से शहर के विकास को नई गति मिलेगी और आमजन को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

*चौरसियावास तालाब का होगा आकर्षक सौन्दर्यकरण*

देवनानी ने चौरसियावास तालाब में 5.13 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे सौन्दर्यकरण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए इसे शीघ्र गति देने तथा तालाब क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तालाब की पाल, आकर्षक गार्डन, लाइटिंग एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का विकास कर इसे सुंदर पर्यटन स्थल के रूप में तैयार किया जाएगा। अतिक्रमण हटाने एवं कार्य में आ रही बाधाओं के निराकरण के लिए एडीए तकनीकी एवं पुलिस सहायता उपलब्ध करवाएगा।

*दिसम्बर तक पूरा करें मल्टीपर्पज खेल स्टेडियम का कार्य*

विधानसभा अध्यक्ष ने माकड़वाली क्षेत्र में 12 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन मल्टीपर्पज खेल स्टेडियम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को दिसम्बर तक निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। लगभग 80 हजार दर्शकों की क्षमता वाले इस स्टेडियम में खेल प्रतियोगिताओं के साथ-साथ सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक सहित बड़े आयोजनों का भी आयोजन किया जा सकेगा। इसके निर्माण से अजमेर को एक बड़े आयोजन स्थल की सौगात मिलेगी।

*छह माह में तैयार होगा कन्वेंशन सेंटर*

देवनानी ने पंचशील नगर में 28 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन कन्वेंशन सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को आगामी छह माह में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कन्वेंशन सेंटर के तैयार होने से अजमेर में बड़े सम्मेलन, व्यावसायिक आयोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं अन्य भव्य समारोह आयोजित करने के लिए आधुनिक सुविधा उपलब्ध होगी। इससे शहर की आयोजन संबंधी आधारभूत संरचना को मजबूती मिलेगी।

*पृथ्वीराज नगर से नौसर तक सड़क विकास कार्य जल्द होंगे शुरू*

विधानसभा अध्यक्ष ने पृथ्वीराज नगर से नौसर तक प्रस्तावित सड़क विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी कर निर्माण कार्य प्रारम्भ करने के निर्देश दिए। करीब 32 करोड़ रुपये की लागत से तीन प्रमुख सड़कों का विकास किया जाएगा। इनमें चामुण्डा चौराहा से वरुण सागर गेट तक, माकड़वाली रोड पर भैरूवाड़ा तिराहे से नागौर हाईवे तक तथा पृथ्वीराज नगर से रातीडांग-चौरसियावास होते हुए नौसर घाटी तक सड़क निर्माण एवं विकास कार्य शामिल हैं। इन सड़कों के बनने से आवागमन सुगम होगा तथा शहर के विभिन्न क्षेत्रों को बेहतर सड़क कनेक्टिविटी मिलेगी।

*अजमेर का भव्य प्रवेश द्वार बनेगा शहर की शान*

देवनानी ने अजमेर में 8.50 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए जा रहे भव्य प्रवेश द्वार एवं जयपुर रोड़ सौन्दर्यीकरण कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए इसे आकर्षक एवं भव्य स्वरूप प्रदान करने के निर्देश दिए। इस प्रवेश द्वार पर तीर्थराज पुष्कर, भगवान झूलेलाल, सम्राट अजयराज, सम्राट पृथ्वीराज एवं स्वामी दयानंद की प्रतिमाएं अंकित की जाएंगी। यह प्रवेश द्वार अजमेर की ऎतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने के साथ ही शहर की पहचान और शान बनेगा।
निरीक्षण के दौरान एडीए आयुक्त रश्मि रानी, सचिव रामचन्द गरवा, निदेशक तकनीकी ओ.पी. वर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Fact Post News
Author: Fact Post News

ताजा खबरें