जयपुर। नवरात्रा पर्व के पावन अवसर पर शहर में शांति, कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस उपायुक्त, जयपुर दक्षिण राजर्षि राज IPS के निर्देशन में ललित शर्मा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण, हेमेन्द्र शर्मा सहायक पुलिस आयुक्त मानसरोवर, थानाधिकारी पुलिस थाना शिप्रापथ मय जाप्ता एवं कालिका पेट्रोलिंग यूनिट के साथ पुलिस थाना शिप्रापथ क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया गया।
फ्लैग मार्च के दौरान प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों एवं संवेदनशील स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को पंचायती राज चुनाव 2026 एवं पर्व के दौरान सतर्कता बरतने, संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण द्वारा नवरात्रि त्योहारों को देखते हुए विशेष सुरक्षा चक्रव्यूह तैयार किया है। गरबा और डांडिया स्थलों पर महिला सुरक्षा के लिए सादे कपड़ों में पुलिस और विशेष पेट्रोलिंग टीमों को तैनात किया गया है।
पुलिस प्रशासन द्वारा पंचायती राज चुनाव 2026 एवं नवरात्रा पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारु यातायात व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। साथ ही आमजन से अपील की गई कि वे पर्व को आपसी सौहार्द, भाईचारे एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
जयपुर दक्षिण पुलिस आमजन की सुरक्षा एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।





