जयपुर। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार राजस्थान पुलिस की सीआईडी (क्राइम ब्रांच) पुलिस मुख्यालय की टीम द्वारा कुख्यात बदमाशों, इनामी अपराधियों एवं मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक और सफलता हासिल हुई है। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (अपराध) बिपिन कुमार पाण्डेय के दिशा-निर्देशन में सीआईडी (सीबी) की स्पेशल टीम ने भीलवाड़ा जिला पुलिस के साथ सटीक समन्वय स्थापित कर संयुक्त कार्रवाई करते हुए 1.445 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम बरामद की है। जब्त की गई अफीम की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत लगभग ₹8 लाख रुपये आंकी गई है।
महानिरीक्षक पुलिस (अपराध) के. बी. वंदना के मार्गदर्शन, उप महानिरीक्षक पुलिस (अपराध) राशि डोगरा डूडी के सुपरविजन तथा उप-निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार के नेतृत्व में गठित सीआईडी सीबी की विशेष टीम सहायक उप-निरीक्षक शंकर दयाल शर्मा, हेड कांस्टेबल रवींद्र सिंह व कांस्टेबल नरेश कुमार को सूचना संकलन के दौरान मुखबिर से सटीक इनपुट प्राप्त हुआ था। सूचना के अनुसार चित्तौड़गढ़ हाईवे पर भीलवाड़ा के संगम पुलिया के पास एक संदिग्ध युवक अवैध मादक पदार्थ की खेप के साथ खड़ा था।
सीआईडी टीम द्वारा सूचना का त्वरित सत्यापन कर संबंधित इलाका पुर थाना क्षेत्र (भीलवाड़ा) होना पाए जाने पर थानाधिकारी कन्हैयालाल को सूचित किया गया। सीआईडी सीबी और पुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को निरूद्ध किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1.445 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।
20 वर्षीय तस्कर गिरफ्तार, पुर थाने में प्रकरण दर्ज
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम धर्मराज पुत्र रामेश्वर जाट उम्र 20 वर्ष, निवासी बड़ी हरणी पुलिस थाना कोतवाली जिला भीलवाड़ा होना बताया। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क की पड़ताल जारी
पुर थाना पुलिस द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी और अफीम बरामदगी के बाद अब मादक पदार्थ की सप्लाई के स्रोत और इससे जुड़े नेटवर्क के संबंध में अनुसंधान किया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद अफीम कहां से लाई गई थी और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था।
उपरोक्त सम्पूर्ण कार्यवाही में एएसआई शंकर दयाल शर्मा, हैड कांस्टेबल रविन्द्र सिंह व कांस्टेबल नरेश कुमार की विशेष व तकनीकी भूमिका रही है। उप निरीक्षक शैलेन्द्र शर्मा का कुशल नेतृत्व रहा है। थानाधिकारी पुलिस थाना पुर कन्हैया लाल मय टीम का भी सराहनीय योगदान रहा है।





