जयपुर। राजस्थान सरकार द्वारा आयोजित सेवा संकल्प अभियान ‘जन सेवा हो प्रभु सेवा’ के अंतर्गत 1 अक्टूबर को प्रस्तावित ‘सपनों की उड़ान–सशक्त युवा संवाद कार्यक्रम’ अब 2 अक्टूबर को दोपहर 1:00 बजे भवानी निकेतन महाविद्यालय परिसर, सीकर रोड, जयपुर में आयोजित होगा।
जिला कलक्टर संदेश नायक ने इस सम्बन्ध में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में बताया कि प्रस्तावित राज्य स्तरीय रोजगार उत्सव कार्यक्रम के अनुसार प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में युवाओं से संवाद करेंगे। कार्यक्रम में “नशा मुक्त युवा” मानव श्रृंखला के अवलोकन के पश्चात, युवा मामले एवं खेल विभाग, राजस्थान सरकार के माननीय कैबिनेट मंत्री का उद्बोधन, लघु फिल्म ‘नई किरण’ का प्रदर्शन, नशामुक्ति पर नुक्कड़ नाटक, माय भारत पोर्टल पर नशामुक्ति क्विज प्रतियोगिता का शुभारंभ, प्रतिभा/खेल मित्र एवं खेलो राजस्थान गेम्स पोर्टल का शुभारंभ, स्मार्ट मूल निवास प्रमाण पत्र की सेवा का शुभारंभ, शिलान्यास एवं लोकार्पण, अंतर्राष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों का सम्मान, युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरण, माननीय मुख्यमंत्री महोदय का ‘युवा संवाद’, नशामुक्ति शपथ, उद्बोधन तथा राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
कलेक्टर ने वीसी के माध्यम से सभी संबंधित शैक्षणिक संस्थानो, गैर सरकारी संगठनों के साथ-साथ संबंधित विभागीय अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश प्रदान किए हैं।
इस दौरान आई ए एस मृणाल कुमार, अतिरिक्त जिला कलेक्टर जयपुर उत्तर राजेंद्र सिंह, अतिरिक्त जिला कलेक्टर जयपुर दक्षिण युगांतर शर्मा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर तृतीय देवयानी सहित संबंधित विभाग अधिकारी उपस्थित थे।





