जयपुर में छोटे भाई ने की बड़े की हत्या:मंदिर जाते समय चाकू से अटैक; 11 महीने पहले ही अमेरिका से आया था आरोपी

✓ Link copy हो गया!

जयपुर में प्रॉपर्टी विवाद को लेकर छोटे भाई ने बड़े की हत्या कर दी। मंगलवार, 29 सितंबर की सुबह श्याम बगानी (65) मंदिर के लिए निकले जब घर से कुछ ही दूरी पर रास्ते में छोटे भाई मुरली बगानी (58) ने उन पर हमला कर दिया।

मंदिर जाते समय आरोपी ने पहले भाई से झगड़ा किया उसके बाद उनपर लकड़ी से वार किया और फिर चाकू से अटैक कर दिया। गंभीर हालत में हॉस्पिटल ले जाने पर डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना सुबह करीब साढ़े सात बजे बनीपार्क थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

बनीपार्क थाना SHO सुरेश यादव ने बताया कि श्याम बगानी सुबह मंदिर जाने के लिए घर से निकले थे। जैसे ही वे घर के बाहर पहुंचे, आरोपी ने स्कूटी रोककर पहले झगड़ा किया, उसके बाद लकड़ी से वार कर दिया। फिर चाकू से हमला बोल दिया। हमले के बाद घायल हुए श्याम बगानी को सवाई मानसिंह हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया।

बड़े भाई मंदिर जाने के लिए घर से निकले थे। सड़क पर पहुंचते ही छोटे भाई ने हमला कर दिया।
बड़े भाई मंदिर जाने के लिए घर से निकले थे। सड़क पर पहुंचते ही छोटे भाई ने हमला कर दिया।

पैतृक संपत्ति को लेकर चल रहा था विवाद

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों भाइयों के बीच पैतृक संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि बड़े भाई द्वारा प्रॉपर्टी में हिस्सा नहीं देने को लेकर दोनों के बीच विवाद था। इसी विवाद के चलते हमला किए जाने की बात सामने आई है।

अमेरिका से लौटा था आरोपी

पुलिस के अनुसार आरोपी मुरली बगानी पहले अमेरिका के बेलीज सिटी में रहता था। उसकी पत्नी और बच्चे अभी अमेरिका में रहते हैं। करीब 11 महीने पहले अमेरिका में काम में घाटा होने के बाद वह जयपुर आकर रहने लगा था।

श्याम बगानी का घर संत कंवर राम पार्क के पीछे सिंधी कॉलोनी बनी पार्क थाना क्षेत्र में है। घटना घर से महज 300 मीटर दूर राम पार्क के सामने वाली सड़क की है।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस और एफएसएल की टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है और हत्या के पीछे संपत्ति विवाद के अलावा अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है।

Fact Post News
Author: Fact Post News