जयपुर। महानिदेशक पुलिस राजस्थान राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित संपत्ति के खिलाफ उदयपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला पुलिस अधीक्षक डाॅ.अमृता दुहन के निर्देश पर थाना बेकरिया पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत करीब 55 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति फ्रीज की है। कार्रवाई में दो मंजिला आवासीय मकान और एक नोहरा शामिल है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मुकुल शर्मा एवं वृताधिकारी कोटड़ा डूंगरसिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी बेकरिया रामावतार मीणा मय टीम ने यह कार्रवाई की। चित्तौड़गढ़ जिले के विजयपुर थाना क्षेत्र के पेमाखेड़ा निवासी उदयलाल उर्फ उदा पुत्र रतनलाल गुर्जर के नाम दर्ज दो मंजिला आवासीय मकान और एक नोहरा, जिसकी कुल कीमत करीब 55 लाख रुपये है, को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ(1) के तहत फ्रीज किया गया है।

भारत सरकार से स्थायी अनुमोदन के बाद हुई कार्रवाई
उक्त संपत्ति के संबंध में संबंधित सक्षम प्राधिकारी द्वारा भारत सरकार से स्थायी अनुमोदन प्राप्त होने के बाद नियमानुसार फ्रीजिंग की कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने भारत सरकार के आदेश दिनांक 17 सितंबर 2026 के संबंध में संपत्ति पर सूचना अंकित की है।फ्रीज की गई संपत्ति को संबंधित सक्षम प्राधिकारी एवं थानाधिकारी बेकरिया की अनुमति के बिना बेचना, खरीदना, गिरवी रखना, हस्तांतरित करना अथवा उपहार में देना विधि-विरुद्ध होगा।
पुलिस की आमजन से अपील
उदयपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि फ्रीज की गई ऐसी संपत्तियों के संबंध में किसी प्रकार का लेन-देन नहीं करें। साथ ही मादक पदार्थों की तस्करी अथवा उससे अर्जित संपत्ति से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।





