जयपुर। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र,उदयपुर द्वारा राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में 1 से 4 अक्टूबर तक ‘ऑक्टेव 2026’ आयोजन किया जा रहा है। नॉर्थ ईस्ट के आठ राज्यों की संस्कृति से ओतप्रोत यह आयोजन राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर के सहयोग से होगा। इस चार दिवसीय कार्यक्रम का उद्घाटन 1 अक्टूबर की शाम 7 बजे होगा।
पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, उदयपुर के निदेशक डॉ. अश्विन एम. दलवी ने बताया कि ‘ऑक्टेव’ केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय का प्रमुख सांस्कृतिक आयोजन है, जिसका उद्देश्य पूर्वाेत्तर भारत की कला और सांस्कृतिक विरासत को देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचाना और वहां की विविध परंपराओं से लोगों को रूबरू कराना है। इस बार जयपुर में अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम और त्रिपुरा की लोक एवं शास्त्रीय नृत्य परंपराओं, संगीत, पारंपरिक परिधानों, शिल्प, चित्रकला और खानपान यानी संपूर्ण संस्कृति देखने को मिलेगी। इसमें 250 से अधिक लोक कलाकारों को तरुण प्रधान कोरियोग्राफ करेंगे। इस आयोजन का आकर्षक एंबियंस कोलकाता के अनूप गिरी ने डिजाइन किया है।उन्होंने बताया कि इस भव्य सांस्कृतिक आयोजन का उद्घाटन समारोह 1 अक्टूबर को शाम 7 बजे होगा। इसमें राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे मुख्य अतिथि होंगे, जबकि केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत समारोह की अध्यक्षता करेंगे। राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर के निदेशक निहाल चंद गोयल भी इस अवसर पर मौजूद रहेंगे। 2 और 3 अक्टूबर को मणिपुरी रास की प्रस्तुति होगी। 3 और 4 अक्टूबर को असम के शास्त्रीय नृत्य सत्रिया की प्रस्तुति होगी। सिक्किम का सिंघी छम यानी स्नो लायन नृत्य और तमांग सेलो, त्रिपुरा का होजागिरी और ममिता तथा अरुणाचल प्रदेश का जुजु-झा-झा और ताई खामती नृत्य भी समारोह में पूर्वाेत्तर की सांस्कृतिक विविधता के अलग-अलग रंग बिखेरेंगे। 1 और 2 अक्टूबर को होने वाला पारंपरिक वेशभूषा प्रदर्शन (एथनिक कॉस्ट्यूम शो) भी समारोह का प्रमुख आकर्षण होगा। इसमें आठों पूर्वाेत्तर राज्यों के पारंपरिक परिधान और आभूषण प्रदर्शित किए जाएंगे। 03 अक्टूबर को नागालैंड का समूह गायन प्रस्तुत किया जाएगा। 4 अक्टूबर को समापन समारोह में सत्रिया और विभिन्न लोक नृत्यों के साथ नागालैंड के ‘डिवाइन कनेक्शन’ रॉक बैंड की प्रस्तुति होगी। 1 और 2 अक्टूबर को दो दिवसीय सेमिनार भी आयोजित किया जाएगा। देश के विभिन्न हिस्सों से 12 शिक्षाविद और विषय विशेषज्ञ इसमें भाग लेंगे, जिन्हें पूर्वाेत्तर की कलाओं, परंपराओं और संस्कृति का गहन अध्ययन और अनुभव है। इसके संयोजक सिक्किम विश्वविद्यालय के प्रो. संतोष कुमार रहेंगे। 1 से 4 अक्टूबर तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक शिल्प मेला लगेगा। पूर्वाेत्तर भारत के शाकाहारी व्यंजन भी आयोजन का विशेष आकर्षण रहेंगे। इससे पूर्व 28 अक्टूबर से सात दिवसीय नॉर्थ-ईस्ट पेंर्टस केम्प का भी आयोजन किया जा रहा है।
डॉ. दलवी ने ऑक्टेव का इतिहास बताते हुए कहा कि ऑक्टेव का सर्वप्रथम आयोजन नवंबर 2008 में गोवा में हुआ। इसके बाद नवंबर 2009 में सूरत, गुजरात, नवंबर 2010 में औरंगाबाद, महाराष्ट्र, नवंबर 2011 में मडगांव, गोवा, मार्च 2012 में जोधपुर, राजस्थान, जनवरी 2013 में मुंबई, महाराष्ट्र, जनवरी 2014 में पणजी, गोवा, फरवरी 2015 में वडोदरा, गुजरात, सितंबर 2016 में अजमेर, राजस्थान, नवंबर 2017 में मडगांव, गोवा, दिसंबर 2018 में नागपुर, महाराष्ट्र तथा फरवरी-मार्च 2019 में आणंद, गुजरात में ऑक्टेव का आयोजन हुआ। वर्ष 2020 में कोविड-19 के कारण ऑक्टेव का आयोजन नहीं हुआ तथा वर्ष 2021 में भी इसका आयोजन नहीं हुआ। इसके बाद मार्च 2022 में मडगांव, गोवा में ऑक्टेव आयोजित हुआ, जबकि वर्ष 2023 में इसका आयोजन नहीं हुआ। मार्च 2024 में सांखली, गोवा तथा अक्टूबर 2025 में नागपुर, महाराष्ट्र में ऑक्टेव का आयोजन किया गया। इस वर्ष 2026 में ऑक्टेव का आयोजन जयपुर, में किया जा रहा है।





