RCA के इलेक्शन आज, धनंजय और बृजकिशोर गुट में मुकाबला:चिकित्सा मंत्री, सांसद और MLA के बेटे मैदान में, 2 पूर्व क्रिकेटर भी देंगे वोट

✓ Link copy हो गया!

राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) में अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव और कार्यकारी सदस्य समेत छह पदों के लिए आज चुनाव हैं।

पहले RCA की एनुअल जनरल बॉडी (AGM) की बैठक होगी। सुबह 11:30 बजे से वोटिंग प्रक्रिया शुरू होगी, जो दोपहर 1:30 बजे तक चलेगी। इसके बाद काउंटिंग कर रिजल्ट घोषित किए जाएंगे।

चुनाव में चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के बेटे धनंजय सिंह, राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी के बेटे आशीष तिवाड़ी और भाजपा विधायक जसवंत यादव के बेटे मोहित यादव समेत कई प्रत्याशियों की प्रतिष्ठा दांव पर है।

अध्यक्ष पद के लिए गजेंद्र सिंह खींवसर के बेटे धनंजय सिंह और बृजकिशोर उपाध्याय चुनावी मैदान में हैं। छह पदों पर 11 प्रत्याशी मैदान में हैं। मोहित यादव उपाध्यक्ष और सचिव दोनों पद पर उम्मीदवार हैं।

2 पूर्व क्रिकेटर सहित 38 लोगों को वोटिंग का अधिकार

चुनाव अधिकारी की ओर से जारी अंतिम मतदाता सूची में कुल 38 लोगों को वोटिंग का अधिकार दिया गया है। इनमें 34 जिला क्रिकेट संघों के सचिव हैं। इनके अलावा जयपुर एडहॉक कमेटी के कन्वीनर राजेश कुमार तांबी और नागौर के कन्वीनर राजेश बिश्नोई हैं। पूर्व इंटरनेशनल क्रिकेटर गगन खोड़ा और पंकज सिंह को भी वोटिंग के राइट्स हैं।

क्रिकेट से ज्यादा सियासी समीकरणों पर नजर

आरसीए के चुनाव में इस बार खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रशासन से जुड़े मुद्दों के साथ राजनीतिक परिवारों की मौजूदगी भी चर्चा का केंद्र बनी हुई है। चिकित्सा मंत्री, राज्यसभा सांसद और भाजपा विधायक के बेटों के चुनाव लड़ने से मुकाबले को लेकर राजनीतिक हलकों में भी हलचल है। वहीं पराक्रम सिंह और दीनदयाल कुमावत के नाम वापस लेने के बाद भी चुनाव निर्विरोध नहीं हो सका।

Fact Post News
Author: Fact Post News