बीकानेर के ज्वेलर से रोहित गोदारा गैंग के नाम से 5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई है। विदेशी नंबर से वॉट्सएप कॉल कर धमकी दी। इसके बाद 57 सेकंड का वॉयस मैसेज भेजा। मामला नयाशहर थाना क्षेत्र का है। शिकायत पर पुलिस ने रविवार को रोहित गोदारा और उसके गुर्गे वीरेंद्र चारण के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ज्वेलर जुगल नारायण सोनी ने बताया- 26 सितंबर की शाम 4:52 बजे विदेशी नंबर से वाट्सएप कॉल आया था। कॉल करने वाले ने खुद को वीरेंद्र चारण बताया था। वॉट्सएप की आईडी इंग्लिश में ‘जय बाबेरी’ थी। कॉल के दौरान 5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई।
वॉयस मैसेज से भी मांगी फिरौती
कॉल के बाद ज्वेलर को भेजे गए 57 सेकंड के वॉयस मैसेज में भी 5 करोड़ रुपए की मांग की गई। कॉल करने वाले ने कहा था कि उसने और उसके साथियों ने संगठित गैंग बना रखा है और गैंग के नाम से वसूली करते हैं।
नयाशहर थानाधिकारी सुरजीत कुमार ने बताया- रोहित गोदारा और वीरेंद्र चारण के खिलाफ बीकानेर के कई थानों में पहले भी FIR दर्ज हैं। इनमें ज्यादातर फिरौती मांगने के मामले हैं।






