सीकर जिले में स्कूल की छुट्टी के बाद घर लौट रहे सरकारी स्कूल के लेक्चरर नरेश सैनी (37) की सड़क हादसे में मौत हो गई। डाबला-नीमकाथाना रोड पर रामनगर के पास मिनी ट्रक (टाटा 407) ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में नरेश सैनी गंभीर घायल हो गए।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें नीमकाथाना जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मिनी ट्रक का ड्राइवर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। हादसा डाबला थाना क्षेत्र में दोपहर करीब 2 बजे हुआ।

स्कूल की छुट्टी के बाद घर लौट रहे थे
थानाधिकारी सुनीता बायल ने बताया- नरेश सैनी श्यामपुरा गांव के सीनियर सेकेंडरी स्कूल में भौतिक विज्ञान (फिजिक्स) के लेक्चरर थे। शनिवार को स्कूल की छुट्टी के बाद बाइक से गांव छावनी लौट रहे थे। रामनगर के पास सामने से आए मिनी ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी और उनकी मौत हो गई।
रोज कार से जाते थे, आज बाइक पर गए थे नरेश के साथी लेक्चरर पंकज मीणा ने बताया कि नरेश सैनी और स्कूल के 4 अन्य टीचर रोजाना नीमकाथाना से 35 किलोमीटर दूर श्यामपुरा गांव कार से आते-जाते थे। शनिवार को अन्य 4 साथियों को कुछ काम होने के कारण वे स्कूल नहीं गए। ऐसे में नरेश सैनी अकेले बाइक लेकर श्यामपुरा गए थे।
पंकज मीणा ने बताया- नरेश 2015 में शिक्षक भर्ती में सिलेक्ट हुए थे। इसके बाद 2017 में लेक्चरर के पद पर जॉइनिंग की थी। उनकी पहली पोस्टिंग बांसवाड़ा में हुई थी। 2020 में डेपुटेशन पर श्यामपुरा स्कूल में पोस्टिंग मिली थी। नरेश सैनी के परिवार में पत्नी के अलावा बेटा (2 साल) और 2 बेटियां (6 और 4 साल) हैं।






