बिहार के समस्तीपुर में भी जमुई जैसी छेड़खानी की घटना हुई है। सड़क पर कुछ लड़कों ने एक नाबालिग लड़की के साथ बदसलूकी की, जिसका वीडियो 21 सितंबर से वायरल है।
लड़की युवकों से बार-बार छोड़ने के लिए कहती है, लेकिन युवकों ने बीच सड़क उसका हाथ पकड़ा, विरोध करने पर पीटने की कोशिश की, बाल खींचे और दूसरी तरफ ले गए।
घटना 15 सितंबर की है। समस्तीपुर पुलिस को इसकी जानकारी 23 सितंबर की रात करीब साढ़े 10 बजे मिली। इसके बाद पुलिस ने कर्पूरी ग्राम थाना क्षेत्र में कई जगहों पर छापेमारी की। 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
बिहार सरकार में मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि जमुई या समस्तीपुर हो, इस तरह की घटनाओं की रील बनाना एक साजिश है। सरकार को बदनाम करने की कोशिश है।
पांच दिन पहले 19 सितंबर को बिहार के ही जमुई में भी नाबालिग लड़की से छेड़खानी का मामला सामने आया था। इस मामले में 6 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं।
लड़की से छेड़खानी की तस्वीरें…



अब जानिए, वीडियो में क्या है
56 सेकेंड के वीडियो में दिख रहा है कि एक लड़की सड़क पर खड़ी है। उसे कुछ लड़के परेशान कर रहे हैं। लड़की उनसे बचने की कोशिश करती है।
बनियान पहने एक लड़का बार-बार उसका हाथ पकड़ता दिख रहा है। लड़की के विरोध करने पर एक लड़का उसे मारने की कोशिश करता है।
ये सब बीच सड़क पर हो रहा है, लेकिन कोई बीच-बचाव के लिए नहीं आया। लड़की बार-बार कहती है कि मुझे छोड़ दो, लेकिन लड़के उसे जाने नहीं देते।
लड़की कहती है- रुको, मैं अपने भाई को बुलाती हूं। इस पर लड़के कहते हैं कि ठीक है बुलाओ। वीडियो के अंत में दिख रहा है कि एक लड़का बाइक के सहारे खड़ा है।

बाइक के पास खड़ा वार्ड मेंबर का बेटा
नाबालिग खुद को बचाकर जिस लड़के के पास पहुंचती है, वो मोबाइल चलाता दिख रहा है। आशंका जताई जा रही है कि वो लड़का नाबालिग के साथ ही है। उसकी पहचान दिलीप राम के रूप में हुई है, जो वार्ड मेंबर मुनिया देवी का बेटा है।
वो फोन में किसी का नंबर निकालकर उससे बात करने की कोशिश कर रहा है। नाबालिग लड़के के पास जाकर चुपचाप खड़ी हो जाती है, आरोपी भी उसके पास खड़े हो जाते हैं।
SP बोले- एक आरोपी के मोबाइल से वीडियो मिला
एसपी अरविंद प्रताप ने बताया कि वीडियो में वो नाबालिग दिख रही है। घटना अति संवेदनशील थी, इसलिए POCSO और IT एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू की।
सूचना मिलने के 6 घंटे के अंदर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों से पूछताछ में ये सामने आया कि घटना संभवत: 15 सितंबर की है।
घटना से संबंधित वीडियो एक आरोपी के मोबाइल में मिला, जिसे उसने खुद ही धीरे-धीरे कुछ लोगों को फॉरवर्ड किया होगा और कल रात को 9 बजे के बाद ये वीडियो अलग-अलग सोशल मीडिया यूजर्स के माध्यम से शेयर होने लगा और वायरल हुआ है।
‘गिरफ्तार 4 आरोपियों में 2 पहले जेल जा चुके हैं’
पकड़े गए 4 आरोपियों में विकास कुमार शर्मा, राहुल कुमार और रामबाबू सहनी जगतसिंहपुर गांव के रहने वाले हैं। चौथा आरोपी अवधेश पासवान कर्पूरीग्राम का रहने वाला है।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में विकास और राहुल शराब से जुड़े मामलों में कम से कम दो बार जेल जा चुके हैं।





