जयपुर के तूंगा में एक युवक की अपहरण और मारपीट के बाद मौत हो गई। गंभीर चोटों के कारण चल रहे इलाज के दौरान युवक ओमप्रकाश बैरवा (25) ने मंगलवार सुबह दम तोड़ दिया।
परिजनों ने ओमप्रकाश को 15 सितंबर को गंभीर हालत में SMS अस्पताल में भर्ती कराया था। इसके बाद उसका राजस्थान हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था।
मामला जयपुर के तूंगा थाना इलाके का है।
परिवार का आरोप है कि घटना के बाद तूंगा थाने में शिकायत दर्ज नहीं की गई। इसके बाद अदालत में परिवाद पेश करने के बाद अदालत के आदेश पर 19 सितंबर को तूंगा थाने में FIR दर्ज हुई।
परिजनों के अनुसार, 15 सितंबर को बोलेरो और बाइक सवार कुछ युवक ओमप्रकाश के घर के पास पहुंचे। आरोपियों ने ओमप्रकाश से 3 हजार रुपए मांगे। रुपए देने से मना करने पर वे उसे जबरन गाड़ी में बैठाकर खतैपुरा के पास फार्म हाउस में ले गए, जहां पहले से 30 से 40 लोग मौजदू थे। उन्होंने ओमप्रकाश के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की और उसके प्राइवेट पार्ट में नमक मिर्च भर दी। ओमप्रकाश के सिर, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं।
परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने ओमप्रकाश के साथ मारपीट के बाद उसपर नमक और मिर्ची डाली। परिवार ने मृतक से 1 लाख रुपए छीनने और 5 लाख रुपए और देने की धमकी का भी आरोप लगाया है।


कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद दर्ज हुई शिकायत
घटना के बाद पुलिस में मामला दर्ज नहीं होने का आरोप लगाते हुए पीड़ित ने अदालत का रुख किया था। ACJM-12 जयपुर महानगर पूर्व के आदेश के बाद 19 सितंबर को तूंगा थाने में FIR दर्ज की गई। अब ओमप्रकाश की मौत के बाद पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है।
1 लाख रुपए छीने और 5 लाख और मांगे
FIR में ओमप्रकाश ने आरोप लगाया था कि उसके पास एक लाख रुपए नकद थे, जो उसने रिश्तेदार से उधार लिए थे। आरोप है कि बादल मीणा और करण मीणा ने ये रुपए उससे छीन लिए।
इसके बाद पांच लाख रुपए और देने की मांग की। रुपए नहीं देने पर जान से मारने और मोबाइल में मौजूद फोटो वायरल करने की धमकी देने की बात भी FIR में कही गई है।
परिजनों का कहना है कि मारपीट के बाद आरोपी रात करीब 9 बजे ओमप्रकाश को गांव की सड़क पर पटककर चले गए। घटना के बाद ओमप्रकाश के भाई ने पुलिस को 100 नंबर पर सूचना दी।

7 नामजद समेत 10-15 अन्य पर आरोप
परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद ओमप्रकाश तूंगा थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुंचा, लेकिन मामला दर्ज नहीं किया गया। इसके बाद जयपुर महानगर पूर्व पुलिस अधिकारियों को लिखित शिकायत भेजी गई। कार्रवाई नहीं होने पर ACJM-12 जयपुर महानगर पूर्व की अदालत में परिवाद पेश किया गया। अदालत के आदेश पर 19 सितंबर को तूंगा थाने में FIR दर्ज हुई।
FIR में बादल मीणा निवासी चैनपुरा, करण मीणा निवासी देवगांव, राहुल मीणा निवासी बासड़ा, अनुज बैरवा निवासी चैनपुरा, राहुल बालोत निवासी खतैपुरा, बनवारी निवासी देवगांव और भानू मीणा निवासी देवगांव को नामजद किया गया है।
इसके अलावा 10 से 15 अन्य लोगों के भी घटना में शामिल होने का आरोप है।

बजाजनगर थानाधिकारी सज्जन सिंह ने बताया कि मृतक ओमप्रकाश बैरवा के साथ 15 सितंबर को नामजद आरोपी मारपीट कर उसे घर के बाहर छोड़ गए थे। परिजनों ने इस मामले में शिकायत दी थी। आज घायल की इलाज के दौरान मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच कर रहे हैं।





