सीकर में उपसभापति चुनाव को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच सियासी हलचल तेज है। सीकर नगर परिषद में उपसभापति पद के लिए आज वोटिंग होगी। बीजेपी ने रेखा बिजरणियां वहीं कांग्रेस ने अशोक चौधरी को उपसभापति पद का उम्मीदवार बनाया है।
सुबह 10 से 11 बजे तक नामांकन किए गए। इस दौरान बीजेपी की रेखा बिजारणियां और कांग्रेस के अशोक चौधरी नामांकन दाखिल करने पहुंचे। कांग्रेस प्रत्याशी के साथ पूर्व सभापति जीवण खां सहित कई नेता पहुंचे।
कांग्रेस पूर्व सभापति जीवण खां ने बीजेपी प्रत्याशी को दिया आशीर्वाद
इस दौरान कांग्रेस नेता और पूर्व सभापति जीवण खां ने बीजेपी प्रत्याशी रेखा बिजारणियां के सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया। रेखा बिजारणियां ने कहा कि वह दूसरी बार पार्षद बनी हैं। पार्टी ने उन पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि सब कुछ भगवान पर छोड़ा है। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी अशोक चौधरी को इस बार तीसरी बार मौका मिला है। अशोक चौधरी पहले दो बार उपसभापति रह चुके हैं। अब तीसरी बार पार्टी ने यह मौका दिया तो अशोक चौधरी ने कहा कि पार्टी के निर्णय पर आज उन्होंने अपना नामांकन दाखिल किया है। पार्षदों पर पूरा विश्वास है।
शाम 5 बजे तक आएगा रिजल्ट
जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष मोदी ने बताया कि आज सीकर जिले के 13 नगर निकायों में वाइस चेयरमैन पद के लिए चुनाव होगा। वाइस चेयरमैन पद के चुनाव के लिए सुबह 10 बजे बैठक के बाद 11 बजे तक नॉमिनेशन किया गया। सुबह साढ़े 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक नामांकन वापसी हो सकेगी। वोटिंग की जरूरत होने पर दोपहर ढाई बजे से शाम 5 बजे तक वोटिंग होगी और उसके तुरंत बाद वोटों की काउंटिंग होगी।








