पत्थर की खदान में जेसीबी मशीन गिरी, ऑपरेटर की मौत:झारखंड का रहने वाला था; नियमों को दरकिनार कर हो रहा अवैध खनन

✓ Link copy हो गया!

जयपुर में पत्थर की खदान में जेसीबी मशीन गहरी खाई में गिरने से उस पर सवार मशीन ऑपरेटर की मौत हो गई। हादसा दौलतपुरा थाना इलाके के खोरा श्यामदास में सोमवार शाम 6 बजे का है।

थानाधिकारी महेंद्र सिंह यादव ने बताया कि जगदंबा क्रेशर की खदान में एलएनटी/पोकलेन मशीन से काम चल रहा था। इस दौरान मशीन अचानक फिसल गई और खदान में जाकर गिर गई। मशीन चला रहे चेतलाल पंडित (30) भी नीचे गिरे और मौत हो गई। मृतक झारखंड के हजारीबाग जिले के काल्हाबाद का रहने वाला था।

जानकारी अनुसार- मृतक पिछले करीब 8 से 10 सालों से पोकलेन मशीन चलाने का काम कर रहा था। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कांवटिया हॉस्पिटल की मॉच्यूरी में रखवाया गया।

मृतक के परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दौलतपुरा थाना इलाके के खोरा श्यामदास में पत्थर की खदान में पोकलेन मशीन फिसलकर गहरी खाई में गिर गई।
दौलतपुरा थाना इलाके के खोरा श्यामदास में पत्थर की खदान में पोकलेन मशीन फिसलकर गहरी खाई में गिर गई।

अवैध खनन को लेकर उठे सवाल

हादसे के बाद क्षेत्र में चल रही पत्थर की खदानों में अवैध खनन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि खोरा श्यामदास क्षेत्र में नियमों को दरकिनार कर पत्थर की खुदाई की जा रही थी। वहीं टोडी क्षेत्र की पत्थर की खदानों में भी अवैध खनन किए जाने के आरोप सामने आते रहे हैं।

स्थानीय स्तर पर खनन विभाग की निगरानी और कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। आरोप है कि अवैध खनन की शिकायतों के बावजूद विभाग की कार्रवाई कई बार महज औपचारिकता तक सीमित रह जाती है।

हालांकि, खोरा श्यामदास की संबंधित खदान में खनन की वैधता, अनुमति और सुरक्षा मानकों को लेकर स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। हादसे के वास्तविक कारण और खदान में नियमों के पालन की स्थिति की जांच संबंधित विभाग द्वारा किया जाना बाकी है।

Fact Post News
Author: Fact Post News