जयपुर। नगर निकाय चुनावों में भाजपा के प्रदर्शन के बाद पार्टी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने सोमवार को प्रदेश की जनता का आभार जताते हुए कहा कि चुनाव परिणाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विकास एवं जनकल्याण कार्यों पर जनता की मुहर हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा को नगर निगमों के साथ-साथ नगर परिषदों और नगर पालिकाओं में भी व्यापक समर्थन मिला है।
राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में ‘वन स्टेट-वन इलेक्शन’ की अवधारणा के तहत निकाय चुनाव कराए गए। इससे चुनावी खर्च में कमी के साथ सरकार को विकास और जनकल्याण के कार्यों के लिए पर्याप्त समय मिलने की संभावना है। उन्होंने इसे देश के लिए नई दिशा देने वाली पहल बताया।
7 निगमों के परिणाम में 6 पर भाजपा का दावा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 10 नगर निगमों में से सोमवार को घोषित 7 नगर निगमों के परिणामों में 6 में भाजपा को बहुमत मिला है। उनके अनुसार अलवर, भीलवाड़ा, अजमेर, पाली, उदयपुर और भरतपुर में भाजपा के महापौर बने हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी ने चुनाव से पहले जनता के सामने अपना संकल्प पत्र रखा था और अब निर्वाचित प्रतिनिधि उसके वादों को पूरा करने की दिशा में काम करेंगे।
राठौड़ ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आगामी पंचायत चुनावों में भी पूरी ताकत के साथ जनता के बीच जाएंगे।
मोदी के विकास मॉडल और राज्य सरकार के काम गिनाए
राठौड़ ने केंद्र की मोदी सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आवास, स्वच्छता, शौचालय निर्माण, रेलवे आधुनिकीकरण, सड़क, सिंचाई और आधारभूत ढांचे के विकास पर काम हुआ है। किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का भी उन्होंने उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में ईआरसीपी, यमुना जल समझौते, पंजाब से मिलने वाले पानी की व्यवस्था और नर्मदा जल की उपलब्धता जैसे विषयों पर काम आगे बढ़ाया गया है। ‘राइजिंग राजस्थान’ के जरिए निवेश और उद्योगों को बढ़ावा देने तथा सरकारी भर्तियों के माध्यम से युवाओं को रोजगार देने के प्रयास भी किए गए हैं।
राठौड़ ने कहा कि चिकित्सा, सड़क, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई पर भी सरकार ने जोर दिया है। उनके मुताबिक, निकाय चुनावों में जनता ने इन कार्यों को महत्व देते हुए भाजपा को समर्थन दिया है।
डोटासरा पर राठौड़ का पलटवार
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के संबंध में पूछे गए सवाल पर राठौड़ ने व्यक्तिगत और संगठनात्मक मुद्दों को लेकर उन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि डोटासरा उनसे बड़े नेता हैं और वह उनकी बराबरी नहीं कर सकते। राठौड़ ने डोटासरा पर परिवार को लाभ पहुंचाने, नौकरी दिलाने और ओबीसी क्रीमी लेयर से जुड़े लाभ लेने सहित कई आरोप लगाए।
राठौड़ ने कांग्रेस के संगठनात्मक प्रदर्शन पर सवाल उठाते हुए पाली के सादड़ी में कांग्रेस प्रत्याशी को शून्य वोट तथा पाली में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी को तीन वोट मिलने का दावा किया। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन में विश्वास करती है और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर चुनाव लड़ती है।
राठौड़ ने कांग्रेस के भीतर गहलोत, पायलट और डोटासरा के बीच कथित राजनीतिक टकराव का भी उल्लेख किया और कहा कि भाजपा संगठन की मजबूती के आधार पर आगे बढ़ रही





