जयपुर। जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों सोनू कुमार तिवाड़ी और चिंटू वर्मन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है, जिससे अन्य वाहन चोरी की वारदातों का खुलासा होने की संभावना जताई गई है।
डीसीपी पूर्व रंजीता शर्मा के निर्देश पर कार्रवाई
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा (आईपीएस) ने पूर्वी जिले में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं की रोकथाम और अपराधियों की धरपकड़ के निर्देश दिए थे। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व पारस जैन के निर्देशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त मालवीय नगर शिवदयाल के सुपरविजन में जवाहर सर्किल थाना पुलिस की टीम गठित की गई। टीम का नेतृत्व थानाधिकारी महेश चन्द्र ने किया।
पार्क के पास खड़ी बाइक हुई चोरी
पुलिस के अनुसार परिवादी रोहित कुमार ने 12 सितम्बर को थाने में रिपोर्ट दी कि उसने 11 सितम्बर की शाम करीब 6:10 बजे मालवीय नगर क्षेत्र में पार्क के पास अपनी हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल खड़ी की थी। करीब दस मिनट बाद लौटने पर बाइक मौके से गायब मिली। इस संबंध में प्रकरण संख्या 437/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
चोरी की बाइक बरामद
जांच के दौरान पुलिस टीम ने प्रयास करते हुए सोनू कुमार तिवाड़ी और चिंटू वर्मन को पकड़ा। पूछताछ के बाद उनके कब्जे से चोरी की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई, जिसे प्रकरण में माल मसरूका होने के कारण फर्द के जरिए जब्त किया गया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ जारी है।





