दिल्ली/जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के सोशल मीडिया विभाग की राष्ट्रीय कार्यशाला दिल्ली में संपन्न हुई। कार्यशाला में देशभर से भाजपा के सोशल मीडिया विभाग से जुड़े पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान संगठन, सोशल मीडिया की बदलती भूमिका, प्रभावी डिजिटल संचार एवं आगामी कार्ययोजना सहित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
कार्यशाला को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष, राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े, सोशल मीडिया विभाग के राष्ट्रीय संयोजक दीपक महासके एवं पूर्व राष्ट्रीय संयोजक अमित मालवीय ने संबोधित किया। वक्ताओं ने सोशल मीडिया को संगठन और समाज के बीच प्रभावी संवाद का माध्यम बनाने तथा जमीनी स्तर तक पार्टी के विचार एवं जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर भाजपा राजस्थान सोशल मीडिया टीम की ओर से नवनियुक्त राष्ट्रीय टोली का राजस्थानी परंपरा के अनुरूप साफा पहनाकर एवं गौकाष्ठ से निर्मित स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
कार्यशाला में भाजपा राजस्थान सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश प्रभारी अजीत माँड़न, प्रदेश संयोजक हिरेन्द्र कौशिक तथा सहसंयोजक अजय विजयवर्गीय, गिरिल भाटिया एवं मोहित सनाढ्य ने सहभागिता की।
राजस्थान सोशल मीडिया टीम के पदाधिकारियों ने नवनियुक्त राष्ट्रीय टीम को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि नई टीम के मार्गदर्शन में भाजपा का डिजिटल संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा देशभर में सोशल मीडिया के माध्यम से संगठन की विचारधारा, जनसेवा और जनकल्याणकारी कार्यों को प्रभावी रूप से जनता तक पहुंचाने का कार्य और गति पकड़ेगा।
कार्यशाला के दौरान राजस्थान टीम ने राष्ट्रीय नेतृत्व एवं देशभर से आए सोशल मीडिया कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक अनुभवों और डिजिटल कार्यप्रणाली को लेकर भी संवाद किया।





