सक्षम जयपुर अभियान के तहत जमवारामगढ़ में नारी चौपाल का भव्य आयोजन हजारों महिलाओं की सहभागिता से महिला सशक्तिकरण को मिली नई ऊर्जा

✓ Link copy हो गया!

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप जयपुर जिले में आयोजित किए जा रहे नारी चौपाल कार्यक्रम अब महिला सशक्तिकरण, सहभागिता और आत्मनिर्भरता के सशक्त मंच के रूप में स्थापित हो रहे हैं। जयपुर जिला प्रशासन द्वारा सक्षम जयपुर अभियान एवं बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत उपखण्ड स्तर पर नारी चौपालों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के निर्देशानुसार मंगलवार को जमवारामगढ़ में नारी चौपाल का आयोजन उत्साह, उमंग और उल्लास के वातावरण में सम्पन्न हुआ।

महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक डॉ. राजेश डोगीवाल ने बताया कि जमवारामगढ़ विधायक महेन्द्रपाल मीणा, भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी मृणाल कुमार एवं उपखण्ड अधिकारी ललित मीणा की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस नारी चौपाल में हजारों महिलाओं एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम में मारवाड़ी लोकगीत, लोक नृत्य, नुक्कड़ नाटक एवं आत्मरक्षा प्रशिक्षण जैसी विविध प्रस्तुतियों ने चौपाल को जीवंत बना दिया। महिलाओं ने “हम होंगे कामयाब” एवं “मेरा काम—मेरा सम्मान” जैसी प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से आत्मविश्वास, स्वावलंबन एवं आत्मनिर्भरता का सशक्त संदेश दिया। सफल महिलाओं द्वारा अपने अनुभव साझा किए जाने से उपस्थित प्रतिभागियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली।

उन्होंने बताया कि नारी चौपाल में महिला एवं बाल विकास, चिकित्सा, शिक्षा, पुलिस, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने महिलाओं से सीधा संवाद कर स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा, पोषण, स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता से जुड़े विषयों पर जानकारी प्रदान की। चौपाल स्थल पर विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित सहायता काउंटर भी लगाए गए, जिससे महिलाओं को मौके पर ही आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्राप्त हो सका।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं ने सक्षम जयपुर अभियान के समर्थन में हस्ताक्षर किए तथा बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ की शपथ भी ली। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं भारतीय प्रशासनिक सेवा के प्रशिक्षु अधिकारी श्री मृणाल द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।

डॉ. राजेश डोगीवाल ने बताया कि नारी चौपाल का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त, जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनाना है। चौपालों के माध्यम से महिलाओं को सरकार की योजनाओं, उनके अधिकारों एवं कल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी जा रही है, साथ ही उनकी समस्याओं एवं सुझावों को भी गंभीरता से सुना जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह पहल लिंगानुपात सुधार, महिला गरिमा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा समान अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में सार्थक संवाद स्थापित कर रही है।

उन्होंने बताया कि जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के निर्देशानुसार जयपुर जिले के सभी उपखण्डों में नारी चौपाल कार्यक्रम चरणबद्ध रूप से आयोजित किए जाएंगे। नारी चौपाल केवल संवाद का मंच नहीं, बल्कि यह महिलाओं को आत्मविश्वास, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन प्रदान करने का प्रभावी माध्यम है। यह पहल निश्चय ही महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी तथा समाज में महिलाओं की भूमिका को और अधिक सुदृढ़ बनाएगी।

Kashish Bohra
Author: Kashish Bohra