सड़क बचाने के लिए ग्रामीणों का ‘चिपको आंदोलन’:बोले- सड़क मार्ग बदलकर सरकार ने धार्मिक आस्था का खिलवाड़ किया, आंदोलन की दी चेतावनी

✓ Link copy हो गया!

सीकर में धोद रोड पर बनने वाली 75 किमी लंबी एमडीआर 415 सड़क के प्रस्तावित मार्ग में बदलाव के विरोध में बठोठ-सांवलोदा पुरोहितान गांव के ग्रामीणों ने ‘चिपको आंदोलन’ शुरू किया। दोनों गांवों की सीमा पर एकजुट हुए ग्रामीणों ने सड़क पर लेटकर प्रदर्शन किया।

सड़क पर लेटकर विरोध-प्रदर्शन करते हुए ग्रामीण।
सड़क पर लेटकर विरोध-प्रदर्शन करते हुए ग्रामीण।

मार्ग बदलने से ग्रामीणों में गुस्सा पूर्व पंचायत समिति सदस्य नरेंद्र बाटड़ ने बताया- एमडीआर 415 सड़क भढ़ाढ़र, सांवलोदा पुरोहितान, बठोठ, चुड़ौली, फागलवा, नेतड़वास, जीणमाता सहित कई गांवों और धार्मिक स्थलों को जोड़ने के लिए प्रस्तावित थी लेकिन 13 अगस्त के आदेश में मार्ग बदलने से ग्रामीणों में रोष है। बाटड़ ने कहा कि बठोठ के लोठजी जाट स्मारक, चुड़ौली के बालाजी मंदिर, हरिराम बाबा मंदिर जैसे धार्मिक स्थलों से गुजरने वाले मार्ग को बदलकर सरकार ने ग्रामीणों की धार्मिक आस्थाओं के साथ खिलवाड़ किया है।

ग्रामीणों ने कई सभाओं के जरिए प्रशासन को अपनी मांगों से अवगत कराया लेकिन कोई सुनवाई न होने से आक्रोश बढ़ता जा रहा है। महिला किशनी देवी, धापु देवी और तिजू देवी ने कहा- यह सड़क नेशनल हाईवे 52, शहीद स्मारक सिगडोला छोटा, बडामर महाराज मंदिर, गाडोदा धाम, सालासर मंदिर और जाजोद स्टेट हाईवे को जोड़ती है।

उन्होंने चेतावनी दी कि अगर पूर्व प्रस्तावित मार्ग को बहाल नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसमें सीकर जिला कलेक्ट्रेट और मंत्रियों का घेराव शामिल होगा।

Kashish Bohra
Author: Kashish Bohra