हेरिटेज निगम की अवैध डेरियों पर कार्रवाई:गोवंश को पकड़कर हिंगोनिया गोशाला भेजा; बंदरों को भी पकड़ा जाएगा

✓ Link copy हो गया!

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के परकोटे में दौरे के बाद शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए अधिकारी-कर्मचारी लगातार फील्ड में जुटे हुए हैं। पशु प्रबंधन शाखा की ओर से भी दिन-रात आवारा और निराश्रित पशुओं को पकड़कर हिंगोनिया गोशाला ले जाने की कार्रवाई को अंजाम दिया जा रहा है।

नगर निगम हेरिटेज की पशु प्रबंधन शाखा ने पिछले 24 घंटे में 24 से ज्यादा निराश्रित गोवंश को पकड़ हिंगोनिया गोशाला पहुंचाया है। इस दौरान डेयरी संचालकों द्वारा निगम कार्रवाई के विरोध का प्रयास भी किया गया। जिसे सतर्कता दस्ते के जवानों ने समझाइश शांत कराया।

अवैध डेरियों के संचालकों के विरोध को रोकने के लिए सतर्कता दस्ते की टीम भी तैनात रही।
अवैध डेरियों के संचालकों के विरोध को रोकने के लिए सतर्कता दस्ते की टीम भी तैनात रही।

परकोटे में आवारा पशुओं की संख्या बढ़ी

दरअसल, परकोटे क्षेत्र में बीते कुछ दिनों से लगातार आवारा पशुओं की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। स्वायत्त शासन विभाग के शासन सचिव रवि जैन ने भी पिछले दिनों नगर निगम हेरिटेज में बैठक के दौरान बढ़ते बेसहारा पशुओं को पकड़ने के निर्देश दिए थे।

इसके बाद अब नगर निगम की पशु प्रबंधन शाखा की ओर से अभियान के तहत बेसहारा पशुओं को पकड़ हिंगोनिया गोशाला ले जाने की कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पिछले 24 घंटे में निगम की टीम दो दर्जन से ज्यादा निराश्रित गोवंश को पकड़ हिंगोनिया गोशाला पहुंचा चुकी है।

24 से ज्यादा गौवंश को पकड़ा

नगर निगम हेरिटेज के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर योगेश शर्मा ने बताया- कमिश्नर के निर्देश के बाद निगम क्षेत्र में अभियान के तहत निराश्रित गौवंश को पकड़ हिंगोनिया गौशाला ले जाया जा रहा है। इस अभियान के तहत बीते 24 घंटों में परकोटे क्षेत्र के चांदपोल, गलता गेट, छोटी चौपड़, बड़ी चौपड़ और गणगौरी बाजार इलाके से अब तक 24 से ज्यादा गोवंश को पकड़कर हिंगोनिया पहुंचा जा चुका है।

इसके बाद भी अगर कोई व्यक्ति गलत तरीके से नियमों के विपरीत गोवंश को अवैध रूप से पालता हुआ पाया गया। तो उसके खिलाफ नियम अनुसार सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

शहर के अलग - अलग इलाकों में निगम की टीम ने कार्रवाई की।
शहर के अलग – अलग इलाकों में निगम की टीम ने कार्रवाई की।

आवारा बंदरों को पकड़ने की भी कार्रवाई

शर्मा ने बताया- सिर्फ निराश्रित गोवंश ही नहीं बल्कि, शहर में बढ़ते आवारा बंदरों को पकड़ने के लिए भी नगर निगम द्वारा अभियान के तहत कार्रवाई की जा रही है। ऐसे में अगर किसी भी व्यक्ति को आवारा पशुओं से कोई समस्या है। तो वह निगम की हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। जिसका पशु प्रबंधन शाखा द्वारा जल्द से जल्द समाधान किया जाएगा।

Kashish Bohra
Author: Kashish Bohra