डीएलबी मुख्यालय पर कार्मिकों ने तिरंगा लहरा कर ली स्वच्छता की शपथ

✓ Link copy हो गया!

जयपुर, 13 अगस्त । स्वच्छ भारत मिशन 2.0 (शहरी) एवं मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की प्रेरणा से 2 अगस्त से 15 अगस्त तक पूरे प्रदेश में ‘हर घर तिरंगा – हर घर स्वच्छता’ विशेष अभियान का आयोजन किया जा रहा है । इस 15 दिवसीय जनआंदोलन ने स्वच्छता के साथ देशभक्ति का माहौल बनाते हुए सामुदायिक स्थानों, जल स्रोतों, सार्वजनिक शौचालयों और गलियों की सफाई कर नई चमक दी जाएगी ।

अभियान के तीन चरण – 2 से 8 अगस्त तक जनजागरूकता व सामुदायिक भागीदारी, 9 से 12 अगस्त तक विद्यालय स्तर पर देशभक्ति व स्वच्छता गतिविधियां, 13 से 15 अगस्त तक तिरंगा सजावट, सार्वजनिक स्थलों की गहन सफाई और विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

हर घर तिरंगा – हर घर स्वच्छता अभियान के तहत बुधवार को निदेशालय स्थानीय निकाय (डीएलबी) मुख्यालय में भी देशभक्ति और स्वच्छता का अनोखा संगम देखने को मिला। अधिकारियों और कर्मचारियों ने गर्व से तिरंगा लहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान प्रकट किया और स्वच्छता को जीवन का संकल्प बनाने की शपथ ली।

कार्यक्रम के दौरान विभाग के शासन सचिव श्री रवि जैन ने संदेश दिया कि स्वच्छ भारत और सशक्त भारत, दोनों का सपना जनसहभागिता से ही साकार होगा, स्वच्छता और देशभक्ति, दोनों ही विकसित राष्ट्र के निर्माण के अभिन्न स्तंभ हैं।

शासन सचिव श्री रवि जैन ने अभियान के बारे में विस्तार से चर्चा करते हुए बताया की इस अभियान के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से वार्ड-वार्ड जाकर नागरिकों को गीला-सूखा कचरा पृथक्करण के प्रति जागरूक किया जा रहा है । उल्लेखनीय है कि जयपुर के करीब जोबनेर में 95% नागरिक अब कचरा अलग करना शुरू कर चुके हैं।

अभियान के दौरान कई ऐतिहासिक व स्थानीय जल स्रोतों एवं सार्वजनिक व सामुदायिक शौचालयों की सफाई कर स्वच्छ किया जा रहा है । इको-फ्रेंडली राखियों के माध्यम से रक्षाबंधन को स्वच्छता और राष्ट्रप्रेम से जोड़ा गया। इसी के साथ ही व्यापक प्रचार प्रसार के लिए सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स द्वारा #ShadesOfUdaipur और अन्य अभियानों के माध्यम से डिजिटल प्लेटफार्मों पर स्वच्छता व देशभक्ति का संदेश फैलाया गया ।

इस अभियान के दौरान न केवल सफाई कार्य करवाए जा रहे हैं, बल्कि नागरिकों में यह भाव जागृत हुआ कि स्वच्छता एक सामूहिक जिम्मेदारी है। महिलाओं, बच्चों, युवाओं, सफाई मित्रों, शिक्षक-छात्र समुदाय और प्रशासनिक निकायों की सक्रिय सहभागिता ने इसे एक जन-जन का महाअभियान बना दिया।

Kashish Bohra
Author: Kashish Bohra