जयपुर में ट्रेलर ने पति-पत्नी और बच्चे को रौंदा:तीनों के ऊपर से निकल गया, घर लौटते वक्त हादसे में मौत हुई

✓ Link copy हो गया!

जयपुर में सोमवार दोपहर 1 बजे रोड एक्सीडेंट में पति-पत्नी और चार साल के मासूम की मौत हो गई। तीनों बाइक से घर लौट रहे थे। इस दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर ने साइड से दबा दिया। तीनों को टायरों से रौंदता हुआ ट्रेलर निकल गया।

हेड कॉन्स्टेबल विनोद ने बताया- हादसे में राजापार्क निवासी दीपक वर्मा (34), उनकी पत्नी माया (30) और 4 साल के बेटे दक्षित की मौत हो गई। मृतक परिवार की राजापार्क के गुरुनानकपुरा में ड्राइक्लीन की शॉप थी। जो परिवार के साथ बोराज बगरू स्थित ससुराल आया हुआ था। दोपहर करीब 1 बजे मासूम बेटे को लेकर पति-पत्नी बाइक से बोराज से अपने घर राजापार्क जाने के लिए निकले थे।

ढहमी बालाजी पुलिया के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने साइड में दबा दिया। इसके चलते बाइक सहित तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। टायरों के नीचे आने पर बेकाबू ट्रेलर उनके ऊपर से निकल गया।बगरू थाना पुलिस एक्सीडेंट की सूचना पर मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौका-मुआवना कर शवों को कब्जे में लिया। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए तीनों शव सीएससी बगरू की मॉर्च्युरी भिजवाए। पुलिस ने अज्ञात ट्रेलर व उसके ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है।

Kashish Bohra
Author: Kashish Bohra