एक्सीडेंट में बाइक सवार तीन युवकों की मौत: मजदूरी कर घर लौटते समय अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

✓ Link copy हो गया!

झालावाड़ के झालरापाटन थाना क्षेत्र के भंवरसा पुलिया के पास देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। मृतकों में दो युवक झालावाड़ जिले के गड़ा गांव के रहने वाले थे, जबकि एक युवक नसीराबाद गांव का रहने वाला था। तीनों युवक झालरापाटन में अपना काम खत्म करने के बाद रात 8 बजे अपने गांव लौट रहे थे। इस बीच भंवरसा पुलिया पर ये लोग हादसे का शिकार हो गए। रात 9 बजे एक राहगीर ने तीनों को सड़क पर पड़ा देखा तो एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस तीनों को झालावाड़ के सर्ग अस्पताल ले गई। जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

झालरापाटन पुलिस ने बताया कि गड़ा गांव का रहने वाला लेखराज (35) पुत्र राधेश्याम, राजेंद्र (30) पुत्र बद्रीलाल मीणा और नसीराबाद का रहने वाला रामेश्वर (18) पुत्र रोडू लाल झालरापाटन में मेहनत मजदूरी का काम करते हैं। कल रात तीनों काम खत्म कर वापस अपने घरों को लौट रहे थे। लेकिन बीच रास्ते में ही सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। आज सुबह 11 बजे पोस्टमॉर्टम कर शवों को सौंप दिया है। झालरापाटन पुलिस ने परिजनों की ओर से दी गई रिपोर्ट पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

तीनों युवक गरीब परिवार से हैं, तीनों ही मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का पेट पलते थे। राजेंद्र और रामेश्वर झालरापाटन में एक बक्से की दुकान पर काम करते थे, वहीं लेखराज यहां बेलदारी का काम करता था। लेखराज के परिवार में उसकी पत्नी और दो बच्चे हैं। वहीं राजेंद्र के परिवार में उसकी पत्नी और एक 4 साल की बेटी है। जबकि रामेश्वर अभी कुंवारा है और वह माता-पिता और दो छोटे भाई-बहन के साथ रहता है।

Fact Post News
Author: Fact Post News