जयपुर के सीकर रोड पर खेतान हॉस्पिटल के सामने बुधवार दोपहर तेज रफ्तार रोडवेज बस ने कारों और स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी बस के टायर के नीचे आ गई। हादसे में स्कूटी सवार का पैर फ्रैक्चर हो गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने रोडवेज बस चालक को पकड़ लिया। पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना पर मुरलीपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को थाने ले आई।


दोपहर तीन बजे हुआ हादसा
मुरलीपुरा थानाधिकारी वीरेंद्र कुरील ने बताया- हादसा दोपहर करीब 2 बजकर 45 मिनट पर हुआ। तेज रफ्तार बस ने पहले दो कार को टक्कर मारी, फिर एक स्कूटी को चपेट में ले लिया। स्कूटी बस के आगे के टायर के नीचे आ गई। दुर्घटना में स्कूटी सवार व्यक्ति का पैर टूट गया, जबकि स्कूटी सहित दो कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को मुरलीपुरा थाने पहुंचाया है।
बस चालक से पूछताछ, पुलिस कर रही जांच
हादसे के बाद लोगों ने बस चालक राकेश कुमार (30) निवासी श्रीमाधोपुर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस चालक से पूछताछ कर रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।





