जयपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने ब्यावर और भीलवाड़ा प्रवास के दौरान कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि “चोर को सब नजर आते हैं चोर, जो जैसा होता है, उसको वैसा ही सब नजर आता है।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस का कथित दोहरा चरित्र अब जनता के सामने उजागर हो चुका है। एक ओर कांग्रेस चुनावी जीत का श्रेय लेने का प्रयास करती है, वहीं दूसरी ओर संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाकर उन्हें कमजोर करने का प्रयास कर रही है।
राठौड़ ने कहा कि प्रदेश के 309 निकायों में हुए चुनाव में कांग्रेस 100 का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाई। उन्होंने कांग्रेस को दूसरों पर आरोप लगाने के बजाय अपनी राजनीतिक स्थिति, संगठन और जनता के बीच प्रभाव को लेकर आत्ममंथन करने की सलाह दी।
‘जनादेश को भाजपा ने हमेशा किया स्वीकार’
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी को अपने मजबूत संगठन और कर्मठ कार्यकर्ताओं पर पूरा विश्वास है। भाजपा का संगठन बूथ स्तर तक मजबूत है और कार्यकर्ता वर्षभर जनता के बीच रहकर सेवा कार्यों में जुटे रहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करती है और जनता के जनादेश को सर्वोपरि मानती है।
राठौड़ के मुताबिक लोकतंत्र में जनता का विश्वास किसी भी राजनीतिक दल की सबसे बड़ी पूंजी है। भाजपा ने अपनी नीतियों, सुशासन और विकास कार्यों के माध्यम से जनता का विश्वास अर्जित करने का प्रयास किया है।
‘विकसित राजस्थान के लिए विकसित गांव जरूरी’
राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास को नई गति मिली है। गरीब कल्याण, आधारभूत ढांचे के विस्तार, बुनियादी सुविधाओं और आत्मनिर्भरता की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है। राजस्थान में भी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली सरकार जनहित और विकास को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं को धरातल पर उतार रही है।
उन्होंने कहा कि “विकसित राजस्थान के लिए विकसित ग्राम” के लक्ष्य को लेकर सरकार काम कर रही है। गांवों में ही शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में योजनाएं बनाई जा रही हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों का विकास होने के साथ गांवों से होने वाले पलायन को भी कम किया जा सके।
अंत्योदय के आधार पर योजनाओं का दावा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा पंडित दीनदयाल उपाध्याय की अंत्योदय की नीति के आधार पर कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन केवल चुनाव के समय सक्रिय नहीं होता, बल्कि पूरे वर्ष जनता के बीच रहकर सेवा कार्य करता है।
राठौड़ ने कहा कि संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास के आधार पर भाजपा लगातार अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही है। भाजपा का संकल्प सत्ता के माध्यम से जनसेवा, सुशासन और विकास को गति देना है।





