अजमेर पुलिस ने CRPF जवान से मारपीट, अपहरण और लूट के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 25 सितंबर की रात जवान को मदद के बहाने जनाना अस्पताल बुलाया और सफेद स्विफ्ट कार में बैठाकर उसके साथ मारपीट की।
अजमेर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि आरोपियों ने जवान के कपड़े उतरवाकर आपत्तिजनक वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया व CRPF ग्रुप में वायरल करने की धमकी देकर 89 हजार रुपए अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करवाए थे।
इसके बाद जवान का सिम कार्ड निकालकर उसे मोबाइल और बाइक के पास छोड़कर फरार हो गए थे। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर की स्विफ्ट कार भी जब्त की है। चारों आरोपियों से लूटी गई रकम की बरामदगी और वारदात में उनकी भूमिका को लेकर पूछताछ की जा रही है।
मदद के लिए आया था मैसेज, जनाना अस्पताल पहुंचा जवान
मंगलवार को घटना का खुलासा करते हुए एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने कहा कि जनाना रोड निवासी CRPF जवान किशोर कुमार को 25 सितंबर की रात करीब 10 बजे मोबाइल एप पर मैसेज आया था। इसमें अस्पताल में एक मरीज को मदद की जरूरत बताई गई थी।
मैसेज मिलने के बाद जवान जनाना अस्पताल पहुंचा। वहां उसे एक युवक सफेद रंग की स्विफ्ट कार में मिला। युवक ने जवान से कहा कि मरीज आगे है और उसे कार से वहां ले जाना है। जवान उसके साथ कार में बैठ गया। इसी दौरान युवक के तीन साथी भी कार में सवार हो गए।
कार में बैठने के बाद आरोपियों ने जवान के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने उसके कपड़े उतरवाकर आपत्तिजनक वीडियो बनाया। इसके बाद वीडियो को सोशल मीडिया और CRPF के ग्रुप में वायरल करने की धमकी दी।
आरोपियों ने जवान को कार में नीचे मुंह करवाकर बैठा दिया और करीब दो घंटे तक शहर में घुमाते रहे। इस दौरान उसे लगातार धमकाया गया।
YONO-यूपीआई से 89 हजार रुपए ट्रांसफर करवाए
आरोपियों ने धमकी देकर जवान के मोबाइल से YONO और UPI के जरिए उसके बैंक खातों से 89 हजार रुपए अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करवाए। रकम ट्रांसफर करवाने के बाद आरोपियों ने जवान का सिम कार्ड निकाल लिया।
इसके बाद आरोपी जवान को उसका मोबाइल और बाइक के पास छोड़कर मौके से फरार हो गए। मामले की रिपोर्ट मिलने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान
मामले में आरोपियों की तलाश के लिए एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देश पर टीम गठित की गई। एएसपी हिमांशु जांगिड़ और सीओ उत्तर शिवम जोशी के सुपरविजन में थानाधिकारी अरविंद सिंह चारण के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच की। और सीसीटीवी व मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की।

चार आरोपी गिरफ्तार
- जयराम चौधरी (18) निवासी मुंडेलों की ढाणी, कोटड़ी, थाना रूपनगढ़, अजमेर।
- दयाराम ढाका (20) निवासी निम्बोला, थाना पीलवा, डीडवाना-कुचामन।
- राकेश गोदारा (23) निवासी पालड़ी कड़वा, थाना पीलवा, डीडवाना-कुचामन।
- राहुल यादव उर्फ रॉकी (19) निवासी लालपुरा, थाना कालवाड़, जयपुर।





